छत्तीसगढ़ विधानसभा के उपाध्यक्ष मनोज सिंह को आया हार्ट अटैक, हुई मौत

तीन बार विधायक रहे और बस्तर क्षेत्र में कांग्रेस का अहम आदिवासी चेहरा रहे।

Update: 2022-10-16 08:22 GMT

Manoj Singh Mandavi Death : छत्तीसगढ़ विधानसभा के उपाध्यक्ष और सत्तारूढ़ कांग्रेस के विधायक मनोज सिंह मंडावी का आज रविवार को देहांत हो गया। मनोज सिंह की मौत दिल का दौरा पड़ने के कारण हुई है। पार्टी के नेताओं ने इसकी जानकारी दी। हार्टअटैक आने के बाद उपाध्यक्ष को हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। तीन बार विधायक रहे और बस्तर क्षेत्र में कांग्रेस का अहम आदिवासी चेहरा रहे।

सुबह हॉस्पिटल उनकी मौत हो गई

कांग्रेस की संचार इकाई के प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने बताया कि मंडावी (58) को दिल का दौरा पड़ने के बाद पड़ोसी धमतरी शहर के एक हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां सुबह उनका निधन हो गया। कांकेर जिले में भानुप्रतापपुर निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले मंडावी शनिवार रात को जिले के चरामा इलाके में अपने पैतृक गांव नथिया नवागांव में थे। शुक्ला ने बताया कि उन्होंने बेचैनी होने की शिकायत की थी जिसके बाद उन्हें चरामा में एक अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उनकी जांच की।

मुख्यमंत्री ने जताया दुःख 

सीएम भूपेश बघेल ने मंडावी के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि विधानसभा के उपाध्यक्ष एवं वरिष्ठ आदिवासी नेता के आकस्मिक निधन का समाचार हम सब के लिए बेहद दुखद है। धमतरी महापौर और स्थानीय नेताओं ने भी मनोज मंडावी के निधन को बड़ी क्षति बताते हुए शोक प्रकट किया है। आज दोपहर 3 बजे मुख्‍यमंत्री भूपेश बघेल उनके गृह ग्राम नथिया नवागांव पहुंचेंगे। विधायक मनोज मंडावी के निधन पर राज्यपाल अनुसुइया उइके, विधानसभा अध्यक्ष डॉ चरणदास महंत, कांग्रेस अध्‍यक्ष मोहन मरकाम, नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल सहित अन्‍य राजनीतिक दलों के नेताओं ने शोक व्‍यक्‍त किया।

Tags:    

Similar News