दिल्ली : इंद्रलोक में बवाल के बाद एक्शन, नमाजियों को लात मारने वाला चौकी इंचार्ज सस्पेंड

माजियों को लात मारने की घटना का यह वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल होने लगा। इससे लोगों की नाराजगी और बढ़ने लगी थी।

Update: 2024-03-08 13:42 GMT

दिल्ली के इंद्रलोक में शुक्रवार को बड़ा हंगामा खड़ा हो गया। सड़क पर नमाज पढ़ रहे लोगों को हटाते वक्त लात मारने से माहौल तनावपूर्ण हो गया। बड़ी संख्या में लोगों ने थाने का घेराव किया तो मेट्रो स्टेशन के नीचे भी भीड़ जमा हो गई। आक्रोश और भीड़ में इजाफा होते देख आरोपी चौकी इंचार्ज को सस्पेंड कर दिया गया। हालांकि, इसके बाद भी भीड़ मौके पर मौजूद रही। पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई।

दरअसल, पुलिस ने लोगों को सड़क पर नमाज अदा करने पर रोक लगाई थी। इसी दौरान एक पुलिसकर्मी द्वारा नमाजियों को लात मारने की घटना सामने आने के बाद लोग भड़क उठे और पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग को लेकर थाने का घेराव किया। हंगामा बढ़ता देख पुलिस के सीनियर अधिकारियों ने मोर्चा संभाला और संबंधित पुलिसकर्मी पर कार्रवाई कई गई।

नमाजियों को लात मारने की घटना का यह वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल होने लगा। इससे लोगों की नाराजगी और बढ़ने लगी थी। लोग थाने को घेरकर संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे। संबंधित पुलिसकर्मी को सस्पेंड कर दिया गया है। 

वहीं डीसीपी नॉर्थ मनोज मीणा ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। शाम करीब 5 बजे डीसीपी नॉर्थ मनोज कुमार मीणा ने एएनआई से बातचीत में कहा कि वीडियो वायरल हुआ था। उस वीडियो में जो चौकी प्रभारी दिख रहे थे उन्हों सस्पेंड कर दिया गया है। स्थानीय लोगों से बातचीत की गई है और स्थिति नियंत्रण में है। उन्होंने कहा कि लोगों को समझा-बुझाकर भेजा जा रहा है। भीड़ कम हो गई है। बाकी लोगों को भी समझाया जा रहा है। ट्रैफिक भी खुल चुका है। मस्जिदों से भी ऐलान कराया गया है कि आरोपी पुलिसकर्मी को सस्पेंड कर दिया गया है। उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

Tags:    

Similar News