Maharashtra News Hindi: मराठा कोटा एक्टिविस्ट मनोज जरांगे पाटिल और समर्थकों के खिलाफ केस दर्ज, जानें- क्या है मामला

Maharashtra News Hindi: मराठा आरक्षण को लेकर आंदोलन कर रहे मनोज जरांगे पाटिल की मुश्किलें बढ़ गई हैं। महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करना उन्हें महंगा पड़ गया है।

Update: 2024-02-26 16:52 GMT

Maharashtra News Hindi: मराठा आरक्षण को लेकर आंदोलन कर रहे मनोज जरांगे पाटिल की मुश्किलें बढ़ गई हैं। महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करना उन्हें महंगा पड़ गया है। मनोज जरांगे पाटिल के खिलाफ महाराष्ट्र पुलिस ने एक्शन शुरू कर दिया है। जरांगे के खिलाफ बीड जिले में मामला दर्ज हुआ है।

जरांगे के खिलाफ शिरूर पुलिस स्टेशन और अमलनेर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है। मनोज जरांगे पाटिल ने आम लोगों को चक्का जाम करने के लिए उकसाया था। जरांगे पाटिल की अपील के बाद शिरुर और अमलनेर में बड़ा चक्का जाम किया गया था। इस चक्काजाम की वजह से लोगों को काफी असुविधा हुई थी।

बीड जिले के एसपी नंदकुमार ठाकूर ने बताया कि चक्काजाम करना अपराध की श्रेणी में आता है। मनोज जरांगे ने आम लोगों को चक्काजाम करने के लिए उकसाया, जो कानूनन अपराध है। अब मनोज जरांगे पाटिल के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा बीड जिले में 22 अन्य जगहों पर भी चक्काजाम करने के मामले में FIR दर्ज की गई है। इन सभी केस में भी जरांगे पाटिल को आरोपी के तौर पर नामजद करने पर कानूनी सलाह भी ली जा रही है।

बीड जिले में बढ़ाई गई सुरक्षा

हिंसा की आशंका के मद्देनजर बीड जिले में सुरक्षा बढ़ाई गई है। बाहरी लोगों को बिना जांच के बीड जिले में प्रवेश नहीं दिया जा रहा है। बीड जिले में 38 जगहों पर नाकाबंदी की गई है। जिले में इंटरनेट सेवा बंद है।

Tags:    

Similar News