योगी आदित्यनाथ का शपथ ग्रहण समारोह आज, जानिए किसे-किसे बुलाया गया?

Update: 2022-03-25 09:01 GMT

योगी आदित्यनाथ एक बार फिर देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश की कमान संभालने जा रहे हैं। राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने शुक्रवार शाम एक भव्य समारोह में योगी आदित्यनाथ को पद व गोपनीयता की शपथ दिलाएंगी। मुख्यमंत्री के साथ ही करीब चार दर्जन मंत्री भी शपथ लेंगे। इससे पहले गुरुवार को लोकभवन में योगी आदित्यनाथ को भारतीय जनता पार्टी विधायकों की बैठक में सर्वसम्मति से नेता चुना गया। इस मौके पर पर्यवेक्षक के तौर पर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास मौजूद रहे।

 इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत कई केंद्रीय मंत्री पहुंचेंगे। समारोह में भाजपा शासित राज्यों के 12 मुख्यमंत्री, पांच राज्यों के उप मुख्यमंत्रियों को भी आमंत्रित किया गया है। इसके अलावा रिलायंस इंडस्ट्रीज के अनिल अंबानी, अडानी ग्रुप के गौतम अडानी, बाबा रामदेव, आनंद महिंद्रा जैसे बड़े उद्योगपतियों को भी न्यौता भेजा गया है।

विपक्ष के दिग्गज नेताओं को भी योगी आदित्यनाथ के शपथ ग्रहण समारोह का निमंत्रण गया है। विपक्ष के जिन नेताओं को निमंत्रण भेजा गया है उनमें कांग्रेस अध्यक्षा सोनिया गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी, राहुल गांधी, समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव, पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, बसपा सुप्रीमो मायावती शामिल हैं। गुरुवार की देर रात खुद योगी आदित्यनाथ ने मुलायम सिंह यादव, अखिलेश यादव और मायावती को फोन कर समारोह में आने के लिए न्यौता दिया। हालांकि, समारोह में विपक्ष के नेता शामिल होंगे या नहीं इसको लेकर अभी कुछ स्पष्ट नहीं है। कई नेताओं ने पहले ही समारोह में जाने से इंकार कर दिया था, लेकिन अब योगी के फोन के बाद क्या होगा? ये देखना दिलचस्प रहेगा...

12 सीएम, 5 डिप्टी सीएम आएंगे शपथ ग्रहण में भाजपा शासित 12 राज्यों के सीएम आएंगे।इनमें शिवराज सिंह चौहान (मध्यप्रदेश) मनोहर लाल खट्टर (हरियाणा), पेमा खांडू (अरुणाचल प्रदेश) एमएन वीरेन सिंह (मणिपुर), जयराम ठाकुर (हिमाचल प्रदेश), बिप्लब देव (त्रिपुरा), प्रमोद सांवत (गोवा), हेमंत बिस्वा शर्मा (असम), बसवराज बोम्मई (कर्नाटक), भूपेन्द्र पटेल (गुजरात), पुष्कर सिंह धामी (उत्तराखंड) शामिल होंगे।इसके अलावा, 5 डिप्टी सीएम भी शामिल होंगे। इनमें तारकेश्वर सिंह (बिहार), रेणु देवी (बिहार), यानथुंगो पैटन (नागालैंड), चौना मीन (अरुणाचल प्रदेश) और जिष्णु देव वर्मा (त्रिपुरा) हैं।

फिल्मी हस्तियों को भी आमंत्रण

योगी आदित्यनाथ के शपथ ग्रहण समारोह के लिए कई फिल्मी हस्तियों को भी निमंत्रण भेजा गया है। बताया जाता है कि इसमें अभिनेता अमिताभ बच्चन, अभिनेत्री कंगना रणौत, अनुपम खेर, कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव जैसे फिल्मी हस्तियां शामिल हैं। सूत्रों के मुताबिक, समारोह में शामिल होने के लिए अमिताभ मुंबई से निकल चुके हैं।

आज होने वाले शपथ ग्रहण समारोह वाले दिन उत्तर प्रदेश के हर जिले, शहर, तहसील कस्बे और गांव के मंदिरों में घंटे बजेंगे। आरतियां होंगी और लोक कल्याण के लिए पूजा-अर्चना होगी। यही नहीं उत्तर प्रदेश के सभी मठ-मंदिरों से साधु-संतों को शपथ ग्रहण के लिए लखनऊ आने का बुलावा भेजा गया है। पार्टी की ओर से यहां तक निर्देश दिए गए हैं कि लखनऊ आने वाले हर कार्यकर्ता को अपनी गाड़ी पर झंडे लगा कर आना होगा। भारतीय जनता पार्टी शपथ ग्रहण समारोह को एक भव्य एतिहासिक समारोह के तौर पर आयोजित करने की तैयारी कर रही है।

विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने यूपी की 403 में से 273 सीट पर जीतकर प्रचंड जीत हासिल की है। इसके साथ ही भाजपा ने 37 साल का रिकॉर्ड तोड़ा है। लगातार दूसरी बार किसी दल की पूर्ण बहुमत की सरकार बनी है। इसके पहले 1980 के बाद 1985 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने जोरदार वापसी की थी। इसके बाद 37 साल हो गए, लेकिन कोई पार्टी सरकार दोबारा नहीं बना सकी थी।

Tags:    

Similar News